बागपत। शहर के राष्ट्रवंदना चौक के निकट दिल्ली बस स्टैंड पर कार्बाइट से गैस बनाने के दौरान सिलिंडर फट गया। हादसे में गुब्बारा विक्रेता के अलावा छह छात्र घायल हो गए। कई लोग बाल-बाल बचे। सिलिंडर फटने से भगदड़ मच गई। छात्रों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। गुब्बारे वाले की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। माना जा रहा है कि हीलियम या हाइड्रोजन का प्रेशर अधिक बन जाने की वजह से सिलिंडर फट गया।
शिकोहपुर गांव निवासी मनोहर (50) पुत्र स्वर्गीय जगजोत साइकिल पर सवार होकर गुब्बारे बेचने का काम करता है। बुधवार दोपहर दो बजे वह शहर में राष्ट्रवंदना चौक के पास दिल्ली बस स्टैंड पर सिलिंडर मेें कार्बाइट डालकर गैस बना रहा था। अचानक सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके से बस स्टैंड पर खड़े यात्रियों में भगदड़ मच गई। साइकिल के परखचे उड़ गए। आसपास के इलाके में धमाके की आवाज सुनकर लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे में गुब्बारे बेचने वाला मनोहर, बस स्टैंड पर खड़ा बीए प्रथम वर्ष का छात्र रितिक चौहान निवासी लोनी, बीएलएड द्वितीय वर्ष का छात्र साकिब निवासी बड़ौत, छात्र मोहित शर्मा, अखिल तोमर, मधुर शर्मा, आशीष दीक्षित निवासी बागपत घायल हो गए। कई लोग बाल-बाल बचे। सिलिंडर की टुकडे़ 100 मीटर दूर तक गए और ब्लॉक कार्यालय तक टुकड़े बिखर गए। छात्रों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने मनोहर को गंभीर हालत में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि गुब्बारे बेचने वाले व्यक्ति की हालत गंभीर है।
बस स्टैंड पर धमाका, दहशत और भगदड़
बागपत। जिस जगह सिलिंडर फटा, वहां लोग दिल्ली जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। स्कूल और कॉलेज की छुट्टी के बाद यहां पर छात्र-छात्राओं की भीड़ थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुब्बारा विक्रेता साइकिल से गुजर रहा रहा था। उसने साइकिल रोकी और कार्बेट डालकर गैस बनाने लगा। इसके बाद अचानक हादसा हुआ। सिलिंडर अचानक से फट गया। कुछ देर तक लोग कुछ समझ ही नहीं सके। ब्लाक के अधिकारियों व कर्मचारियों में धमाके की आवाज सुनकर दहशत फैल गई।
खुशियों के गुब्बारे बेच रहे मनोहर की हालत गंभीर
बागपत। शिकोहपुर निवासी घायल मनोहर के छोटे भाई रवि ने बताया कि उसका भाई एक साल से साइकिल पर गुब्बारे बेचने का काम कर रहा था। उसके तीन बेटी व दो बेटे है। एक बेटी की शादी कर दी है। हादसे में घायल होने की सूचना पर परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। घर पर ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है।
अपनी चाल चली पुलिस, छात्रों ने दिखाई हिम्मत
बागपत। जिस जगह हादसा हुआ, उससे चंद कदम के फासले पर ही पुलिस चेकपोस्ट है। लेकिन पुलिस ने अपनी चाल नहीं बदली। हादसे के बाद कॉलेज के छात्रों ने हौंसला दिखाया और घायलों को सीएचसी तक लेकर पहुंचे। पुलिस ने यहां भी पहुंचने में देर कर दी, जिस कारण लोगों ने नाराजगी जताई।
गुब्बारे फटने से झुलस गए थे 15 बच्चे
बागपत। पिछले वर्ष 10 दिसंबर को हिसावदा गांव में राज्यपाल सत्यपाल मलिक के स्वागत के लिए गुब्बारे लगाए गए थे। हीलियम से भरे गुब्बारे फटने से हादसे में 15 बच्चे झुलस गए थे।