असारा गांव में जमीन के विवाद को लेकर 9-10 लोगों ने तलवार व तमंचों से परिवार पर हमला बोल दिया। इसमें युवक गंभीर घायल हो गया। जबकि उसके भाई और बहन भी घायल हो गए। दहशत फैलाने के लिएण् हवाई फायरिंग की। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी बड़ौत में भर्ती कराया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया।
रमाला थाना क्षेत्र के असारा गांव निवासी नासिर पुत्र स्वर्गीय वलेद्दीन ने बताया कि उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह अपने बड़े भाई आसिफ के पास रह कर मजदूरी करता है। उनके दस बीघा कृषि भूमि है। चार बीघा जमीन पर कुटुंबी लोगों ने कब्जा कर रखा है और शेष भूमि पर भी कब्जा करना चाहते हैं। बृहस्पतिवार की सुबह 11:45 बजे वह अपने घर में बैठा था। तभी 9-10 लोग हाथों में तलवार व तमंचे लेकर घर मेें घुसे और गली गलौच कर मारपीट शुरू कर दी। नासिर के पेट व पैर पर तलवार से वार किए। इससे वह गंभीर घायल हो गया। बचाव में आए उसके बड़े भाई आसिफ और बहन अफसाना से भी मारपीट की। हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए तमंचे से दो फायर भी किए। आरोपी मारने की धमकी देकर भाग गए। सूचना पर रमाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। इस मामले में घायल आसिफ ने थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी। थानाध्यक्ष नरेश सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।