अमीनगर सराय (बागपत)।
कस्बे में कैफे पर छापा लगाकर एसटीएफ संचालक को उठा ले गई है। कैफे संचालक यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान धांधली करने के आरोप में जेल जा चुका है। इसी मामले को लेकर पुलिस उसे उठाकर ले गई।
अमीनगर सराय कस्बे में सोमवार की दोपहर सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी कैफे पर पहुंचे और कैफे संचालक को उसके लैपटॉप सहित पकड़कर अपने साथ ले गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीन माह पूर्व यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान सहारनपुर में सॉलवर गैंग पकड़ा गया था। इसमें कैफे संचालक भी शामिल था। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ था कि कैफे संचालक ने दर्जनों लोगों के एडमिट कार्ड में दूसरे युवकों के फोटो लगाकर परीक्षा दिलवाई । इसके बाद आरोपी कैफे संचालक को जेल भेजा। सरकार ने दोनों दिन की दूसरी पाली की परीक्षा को निरस्त किया। अब वह जेल से छूटकर आया हुआ है। निरस्त की गई पुलिस भर्ती परीक्षा अब 25 व 26 अक्तूबर को होगी। परीक्षा से पहले ही एसटीएफ उसे पकड़कर अपने साथ ले गई है। यूपी पुलिस की होने वाली परीक्षा में कोई धांधली ना हो, इसलिए कैफे संचालक पर पुलिस पहले से ही शिकंजा कस रही है। सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष हरेराम यादव ने बताया कि कैफे संचालक को पकड़ने का मामला जानकारी में नहीं है।