बागपत। फतेहपुर पुट्ठी गांव के जंगल में रविवार की रात में खेत में सिंचाई करने जा रहे किसान को बड़ावद चौकी के दो पुलिस कर्मियों ने पीटा। किसान ने कहा पुलिसकर्मी उसे पंजा लड़ाने के लिए कह रहे थे, लेकिन उसने मना कर दिया। किसान ने एसपी से मामले की शिकायत की।
फतेहपुर पुट्ठी निवासी महेश पुत्र जयेंद्र सिंह खेती-बाड़ी करता है। किसान महेश ने एसपी को बताया कि रविवार की रात में 10 बजे के लगभग वह खेत में सिंचाई करने के लिए पैदल ही जा रहा था। जब वह गांव से एक किलोमीटर दूर पहुंचा तो बड़ावद पुलिस चौकी पर तैनात दो पुलिस कर्मी बाइक पर सवार होकर आए और उसे रोका। उसकी तलाशी ली, लेकिन उसके पास नलकूप के कमरे की चाबी के अलावा कुछ नहीं मिला। आरोप है कि सिपाहियों ने किसान के साथ गाली गलौच करनी शुरू कर दी। एक सिपाही ने कहा कि पहले पंजा लड़ा। किसान ने पंजा लड़ाने से मना कर दिया तो उसे धमकी दी कि तुझे नलकूपों में चोरी के झूठे केस में फंसा दिया जाएगा। आरोप है कि उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। पीड़ित ने एसपी से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। एसपी जयप्रकाश ने कार्रवाई का भरोसा दिया।