दोघट (बागपत)।
भड़ल गांव में ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर से स्टंट कर रहे इंटर के छात्र की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। स्टंट की वीडियो बना रहे दो बच्चों ने शोर मचा दिया। लोगों ने छात्र को ट्रैक्टर के नीचे निकाल कर मेरठ ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में छात्र की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतक वतन (17) पुत्र सोमपाल सिंह भड़ल गांव का रहने वाला था। उसने इंटरमीडिएट की परीक्षा दी । रविवार को पिता सोमपाल सिंह परिवार सहित बेटी की शादी का सामान लेने बड़ौत गए हुए थे। दोपहर 12 बजे के लगभग वतन घर से ट्रैक्टर लेकर निकल गया और गांव में ही प्रमोद के ईंट भट्ठे पर पहुंचकर ट्रैक्टर से स्टंट करने लगा। उसने ट्रैक्टर के आगे का हिस्सा ऊपर उठा दिया। ट्रैक्टर को भट्ठे पर कभी इधर दौड़ाता तो कभी दूसरी तरफ दौड़ाता। इसी दौरान वहां मौजूद दो बच्चे अपने मोबाइल फोन से उसकी वीडियो बनाने लगे। स्टंट करते समय अचानक ट्रैक्टर पीछे की तरफ पलट गया। छात्र वतन ट्रैक्टर के नीचे दब गया। मोबाइल से वीडियो बना रहे बच्चों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर भट्ठे पर मौजूद लोग वहां पहुंचे और ट्रैक्टर के नीचे से छात्र को निकाल कर मेरठ के लिए लेकर चल दिए, लेकिन छात्र ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसी सूचना उसके परिजनों को दी । ग्रामीण छात्र के शव को घर ले गए। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। इस संबंध में दोघट थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि मामले जानकारी में नहीं है।