भड़ल पुलिस चौकी के पास ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त हो गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली सहित चालक को हिरासत में ले लिया।
मुजफ्फरनगर जनपद के सोंटा गांव निवासी हरेंद्र शनिवार को ट्रैक्टर-ट्राली लेकर पुसार से बढ़ाना जा रहा था। जब वह बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर भड़ल गांव में पहुंचा तो शराब के ठेके के पास गोपी (65) पुत्र कालूराम गांव सोंटा थाना बाबरी जिला मुजफ्फरनगर ट्रैक्टर-ट्राली में सवार हो गया। जब चालक ट्रैक्टर-ट्राली को लेकर भड़ल पुलिस चौकी के पास पहुंचा तो ब्रेकर आने के कारण वृद्ध ट्रैक्टर से गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और ट्रैक्टर सहित चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि वृद्ध गोपी की जेब से शराब का पव्वा मिला है। इससे लगता है कि वह ठेके से शराब खरीदने के बाद ही ट्रैक्टर पर सवार हुआ है। वृद्ध के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।