दोघट (बागपत)। बामनौली में अवैध रेत खनन कर भट्टे पर ले जा रहे रेत से भरी छह ट्रैक्टर-ट्राली को एसडीएम बड़ौत ने पकड़ा है। एसडीएम की गाड़ी देखकर ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग निकले। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में ले लिया है।
बामनौली के जंगल में अवैध रूप से खनन किए जाने की सूचना पर एसडीएम बड़ौत अरविंद कुमार द्विवेदी ने मौके पर पहुंच खनन कर रहे छह ट्रैक्टर-ट्रालियों को शनिवार को छापा मारकर पकड़ लिया। एसडीएम ने बताया सूचना मिली थी कि बामनौली के जंगल से बड़े पैमाने पर रेत खनन कर कंडेरा भट्टे पर ले जाया जाता है। जब वे मौके पर पुलिस लेकर पहुंचे तो मौके पर छह ट्रैक्टर ट्राली रेत से भरी मिली, लेकिन टीम को अपनी तरफ आते देख ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टरों को छोड़कर जंगल में भाग खड़े हुए। एसडीएम के अचानक छापे से रेत माफियों में हड़कंप मचा है। पकड़े गए ट्रैक्टर ट्रालियों को दोघट थाना पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। वहीं खेत मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। मामले की रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी जाएगी।