बागपत। रटौल गांव में लोहा व्यापारी सुनील गोयल को गोली मारकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी राहुल भगौट ने बुधवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बागपत जेल में बंद सजायाफ्ता हरेंद्र बली के कहने पर वारदात को अंजाम दिया।
ललियाना गांव निवासी दो भाई सुनील गोयल और जय कुमार गोयल की रटौल गांव में लोहा और सीमेंट की दुकान है। आठ अगस्त की दोपहर एक बजे बाइक पर सवार होकर दो बदमाश हेलमेट लगाकर दुकान के पास पहुंचे। इनमें से एक ने दुकान पर पहुंचकर सुनील गोयल को गोली मारकर चिट्ठी दुकान में फेंक दी । चिट्ठी में हरेंद्र बली का नाम लिखा और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस ने जेल में पहुंचकर जांच पड़ताल की तो पता चला सजायाफ्ता हरेंद्र निवासी बली ने अपने साथी राहुल निवासी भगौट से वारदात को अंजाम दिलवाया है। पुलिस तभी से उसको पकड़ने के लिए दौड़ भाग कर रही , लेकिन पुलिस को कामयाबी नहीं मिली। उसने बुधवार को सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कार्यवाहक खेकड़ा थाना प्रभारी मोहम्मद कामिल ने कहा पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ होगी।