अग्रवाल मंडी टटीरी के चेयरमैन को गोली से उड़ाने की धमकी
अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। भाजपा नेता एवं कस्बे के चेयरमैन डॉ. विनोद कुमार को गोली से उड़ाने की धमकी दी गई है। दो पेज के लेटर में हर काम में टांग अड़ाने को वजह बताया गया है। पुलिस ने चेयरमैन के घर पहुंचकर जानकारी ली। सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि प्रकरण की छानबीन शुरू करा दी गई है।
चेयरमैन विनोद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे उन्हें यह पत्र शौचालय के पास पड़ा हुआ मिला था। परिवार और परिचितों से शुक्रवार को सलाह कर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। दो पेज के पत्र में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। यह भी लिखा है कि हर काम में चेयरमैन बाधा पहुंचा रहा है। गोली से उड़ाने की धमकी के बाद से परिवार दहशत में है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने टटीरी पहुचंकर मामले की जानकारी ली। करीब एक घंटे तक छानबीन की। चेयरमैन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।
-----
सिरफिरे की करतूत तो नहीं
अग्रवाल मंडी टटीरी। चेयरमैन डॉ. विनोद कुमार पेशे से पशु चिकित्सक हैं। उनका जिले के अलावा गाजियाबाद और मेरठ के देहात तक आना जाना लगा रहता है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि यह किसी सिरफिरे की करतूत भी हो सकती है। लेकिन धमकी को देखते हुए जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कौन-कौन व्यक्ति धमकी के इस मामले में शामिल हो सकते हैं।
----------------
घर पर लगा रहा लोगों का आना जाना
अग्रवाल मंडी टटीरी। कसबे और आसपास के लोगों को जैसे ही मामले की जानकारी हुई, चेयरमैन के घर पहुंच गए। चेयरमैन से मामले की जानकारी ली और पुलिस सुरक्षा की मांग रखी।
----------------