छपरौली (बागपत)।
थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय बच्ची की रेप के बाद हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों ने कहा रेप की घटना में दो लोग शामिल रहे हैं, लेकिन पुलिस ने एक ही आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले की सही जांच कराकर दूसरे आरोपी का भी पता लगाया जाए।
छपरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में 28 जून को खेत से पिता का खाना देकर घर लौट रही 10 वर्षीय बच्ची के साथ रेप किया। फंसने के डर से उसकी फांसी लगाकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी केशपाल उर्फ केशो को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया । पिता ने बताया कि घटना स्थल पर दो लोगों के पैरों के निशान मिले हैं। इससे लगाता है कि इस घटना में दो लोग शामिल रहे होंगे। बच्ची की जिस तरह से हत्या की है, वह एक आदमी नहीं कर सकता। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर पल्ला झाड़ लिया और मामले की जांच बंद कर दी। इस मामले में दोबारा जांच कराकर दूसरे आरोपी का भीपता लगाया जाए। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना को एक ही आरोपी ने अंजाम दिया था। यदि परिजन दूसरे आरोपी के होने की बात कह रहे हैं तो जांच कराई जाएगी।