रमाला थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी से रेप के प्रयास के मामले में पुलिस ने दो माह बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। किशोरी की दादी ने एसपी को शिकायती पत्र देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की ।
रमाला थाना क्षेत्र एक गांव निवासी विधवा महिला ने एसपी को बताया कि सात मार्च 2018 को उसकी 15 वर्षीय पौत्री घर में अकेली थी। परिजन खेत में गए हुए थे। पड़ोसी युवक छत से घर में घुसा और किशोरी के साथ बलात्कार करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके शरीर पर कई जगह काट लिया। तभी परिजन खेत से घर आ गए तो आरोपी मारने की धमकी देकर भाग गया। इस मामले में उसी दिन रमाला थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उन्होंने कहा आरोपी गांव में खुला घूम रहा है। उसके डर से किशोरी ने घर से निकला बंद कर दिया है। वह परिवार को धमकी दे रहा है कि मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते है। उसने एसपी से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई करने की मांग की। एसपी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गैंगरेप प्रकरण में झूठा फंसाने का आरोप
बागपत। निवाड़ा गांव निवासी हाजी अफजाल ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गैंगरेप प्रकरण में रंजिश में उसका नाम उछाला जा रहा है। गैंगरेप प्रकरण से उसका कोई लेना-देना नहीं है। शौकत और जावेद उससे रंजिश रखते है। उसे झूठा फंसाया जा रहा है। गांव की पार्टी बाजी में विरोध पक्ष उसके भाई पर दो साल पहले बलात्कार के प्रयास व छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा दर्ज करा चुके हैं। उसने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उसके विरुद्ध मुकदमे में झूठी कार्रवाई न करने की मांग की।