बागपत। आग से झुलसी विवाहिता की मौत होने के मामले में उसके पिता की तहरीर पर पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ है। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव को अपने साथ लेकर चले गए। उधर पुलिस ने केस की विवेचना शुरू कर दी।
बागपत की राशिद कॉलोनी में महिला अरबिना 26 दिसंबर को रहस्यमय ढंग से झुलस गई थी। उसकी सोमवार सुबह मेरठ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई । युवती के पिता रहीसुद्दीन ने कहा अरबिना का निकाह 12 साल पहले हुआ था। दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले उसका उत्पीड़न करते थे। आए दिन मारपीट करते थे। आरोप है कि ससुरालियों ने पिटाई कर उसको जला दिया था। इसी कारण उसकी जान गई है। उसने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाकर कोतवाली में तहरीर दी। इस मामले में आरोपी पति इरफान, ससुर अयूब, सास रहीसा और देवर सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ । उधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम होने के बाद शव को परिजन अपने घर पर लेकर चले गए। उधर, कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।