मवी कलां गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
बागपत। मवी कलां गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
दिल्ली के बोरीयान बाजार सीताराम निवासी महिला राज दुलारी ने बताया उसकी बेटी सुनीता की शादी सात साल पहले मवी कलां गांव के युवक के साथ हुई । ससुराल वाले सुनीता को परेशान करते थे। आए दिन मारपीट करते थे। उसको ऑपरेशन से बच्चा पैदा हुआ । डॉक्टर ने उसी समय कह दिया सुनीता दूसरा बच्चा पैदा नहीं कर सकता है। इससे उसकी जान को खतरा हो सकता है, लेकिन डॉक्टर की बात को नजर अंदाज कर दिया। उसकी बेटी दोबारा गर्भवती हो गई। इसके बाद उस पर मायके जाने का दबाव बनाया जाने लगा, ताकि डिलीवरी में रुपये खर्च न हो। 25 अगस्त को डिलीवरी के लिए ससुराल वाले दिल्ली अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि ससुरालियों ने उसकी पिटाई की, इसी कारण उसकी जान गई है। दिल्ली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। उसने सोमवार को बागपत कोतवाली में पहुंचकर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।