बिनौली (बागपत)।
बिनौली थाना क्षेत्र में अलग-अलग मार्गों पर तीन बदमाशों ने लूटपाट की दो वारदातों को अंजाम दिया। बदमाश तमंचों के बल पर बाइक सवारों से दो बाइक और हजारों की नगदी लूटकर ले गए। इन वारदातों की सूचना मिलते ही पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। उन्होंने क्षेत्र की नाकेबंदी की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे।
धीरज पुत्र जगदीश रंछाड़ गांव का रहने वाला है। वह नोएडा में किसी कंपनी में नौकरी करता है। धीरज सोमवार की रात में अपनी बुलेट मोटर साइकिल पर सवार होकर दादरी होते अपने गांव रंछाड़ जा रहा था तो दोनों गांवों के बीच में उसे डंडा मारकर बदमाशों ने रोक लिया और तमंचों के बल पर उसे खेत में बांधकर डाल दिया और उसकी बुलेट बाइक लूटकर ले गए। किसी तरह बंधन मुक्त होकर उसने पुलिस को सूचना दी। अभी पुलिस इस लूट की वारदात में उलझी ही थी कि दाहा-बरनावा मार्ग पर चंदायन मोड़ के पास बरनावा से दाहा की ओर जा रहे बाइक सवार शहजाद पुत्र अबलू और फरमान पुत्र आशु निवासी रियावली नंगला थाना रतनपुरी मुजफ्फरनगर को बदमाशों ने तमंचों के बल पर रोका और उनसे आठ हजार की नगदी और बाइक लूटकर ले गए। सोमवार की रात में बिनौली थाना क्षेत्र के दो स्थानों पर हुई लूट की वारदात होने से पुलिस अफसरों में रातभर हड़कंप मच गया।