बागपत। बड़ौत पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर बीस दिन पहले गुड़ मंडी के व्यापारी से हुई एक लाख रुपये की लूट का खुलासा किया। बदमाशों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा, दो छुरी व लूट के तीन हजार नौ सौ रुपये बरामद किए। कर्ज उतारने के लिए उन्होंने लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उन्हें जेल भेजा।
एएसपी रण विजय सिंह ने बताया कि व्यापारी प्रवीण जैन पुत्र फूल चंद जैन निवासी नई मंडी बड़ौत 28 मार्च को गुड़ मंडी से घर वापस लौट रहे थे। गुड़ मंडी के पास तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर व्यापारी से एक लाख रुपये लूट लिए थे। व्यापारी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस खुलासे के लिए लगी थी। क्राइम ब्रांच बागपत और बड़ौत कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गुड़ मंडी के पास नलकूप से अनुज पुत्र विजय सिंह निवासी शेखपुरा थाना बिनौली, कपिल पुत्र वीरपाल, शिवम उर्फ शुभम पुत्र राजेंद्र निवासी काबली गेट कस्बा मवाना जनपद मेरठ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने लूट की घटना को कबूल कर लिया। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि कर्ज उतारने के लिए तीनों ने लूट की योजना बनाई। कई दिन तक बड़ौत में गुड़ मंडी के आसपास रेकी की। इसके बाद घटना को अंजाम दिया। नगदी लूटने के बाद तीनों अपने-अपने घर चले गए। एक लाख रुपये तीन हिस्सों में बांटे। आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गई रकम में से 3900 रुपये की नगदी, 315 बोर का तमंचा, कारतूस, दो छुरी बरामद हुई। तीनों का अभी तक कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उन्हें जेल भेजा।
सबने बनाए अलग-अलग बहाने
बागपत। एक आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कक्षा दस का छात्र है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। स्कूल की फीस जमा नहीं हो पा रही थी। स्कूल की फीस जमा करने के लिए उसने लूट की घटना को अंजाम दिया। दूसरे आरोपी ने बताया कि दोस्त की बाइक का एक्सीडेंट हो गया । दोस्त को बाइक के रुपये देने थे। तीसरे आरोपी ने बताया कि उसने कर्ज ले रखा था। कर्ज नहीं चुका पा रहा था। इसलिए घटना को अंजाम दिया। एएसपी ने बताया कि आरोपी अनुज ने अपने रिश्तेदार कपिल व शिवम के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। शिवम व कपिल अपने गांव के ही रहने वाले युवक से तमंचा उधार मांग कर लाए थे।
एक सप्ताह बाद फिर पहुंचे गुड़ मंडी
बागपत। पुलिस ने बताया कि व्यापारी प्रवीन जैन से लूट की घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपियों ने फिर दूसरे व्यापारी से लूट करने की योजना बनाई। पांच व छह अप्रैल को तीनों फिर से गुड़ मंडी पहुंचे। दो दिन तक रेकी की। तीनों ने एक व्यापारी को टारगेट कर लिया । दो या तीन दिन के बाद लूट की घटना को अंजाम देने की योजना थी।