रमाला (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सहकारी चीनी मिल के पास ट्रक ने बाइक सवार छात्र को कुचल दिया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। छात्र के पिता ने थाने पर ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
दोघट थाना क्षेत्र के बामनौली गांव निवासी सोनू पुत्र नफे सिंह ने बताया कि उसका छोटा भाई राजा (19) जवाहर इंटर कालेज बामनौली में कक्षा दस का छात्र था। शुक्रवार की सुबह साढ़े दस बजे राजा बाइक पर सवार होकर गंगेरू में बुआ रोशनी के घर जाने के लिए चला था। जब वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सहकारी चीनी मिल रमाला के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस संबंध में मृतक के पिता नफे सिंह ने थाने पर ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है। छात्र की मौत की सूचना पर बामनौली गांव में शोक छा गया और परिवार की महिलाओं में कोहराम मच गया। मां मुनेश का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। ट्रक चालक को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा।