नौरोजपुर में गाय को बंधन मुक्त कराया
बागपत। नौरोजपुर गुर्जर गांव में मंगलवार रात पिकअप गाड़ी में लादकर कटान के लिए ले जाई जा रही गाय को ग्रामीणों ने बंधन मुक्त कराया। दो गोवंश तस्करों की जमकर धुनाई की। पुलिस पहुंची और आरोपी दोनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। इस संबंध में दोनों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नौरोजपुर गुर्जर गांव निवासी रमेशचंद पांचाल ने बताया कि मंगलवार रात नौ बजे के लगभग गांव में पिकअप दिखाई दी। इसमें सफेद रंग की देशी गाय लदी थी। ग्रामीणों ने गाड़ी का पीछा कर इंटर कालेज के पास पकड़ लिया। गाड़ी सवार गोवंश तस्कर भागने लगे। लेकिन घेरकर ग्रामीणों ने दोनों गोवंश तस्करों को पकड़ लिया। उनकी जमकर धुनाई की। तस्करों ने बताया कि वे दिल्ली के नजफगढ़ से गाय को लेकर आए थे और रठौड़ा गांव जा रहे थे। जहां पर बकरीद के दिन गाय की कुर्बानी देनी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों तस्करों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए तस्कर रहमान निवासी रठौड़ा छपरौली और सुंदर निवासी नजफगढ़ हैं। नौरोजपुर गांव निवासी रमेशचंद पांचाल ने दोनों के खिलाफ उप्र गोवंश निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।