बागपत। सीओ दफ्तर के नजदीक झंकार गली में बुधवार की रात में डीजे पर नाचने को लेकर संघर्ष के मामले में दूल्हे पक्ष के तीन भाइयों के खिलाफ कोतवाली में एनसीआर दर्ज कराई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बागपत स्थित झंकार गली में महेंद्र की बेटी की बारात आई हुई । डीजे पर बाराती और घराती नाच रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बारातियों और घरातियों में संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों तरफ से पत्थर चले। इसमें मटरू सहित छह लोग घायल हो गए । सूचना पर सीओ दिलीप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। इस मामले में देर रात घायल मटरू की तहरीर पर दूल्हे पक्ष के मंगली, बिट्टू और राहुल पुत्र प्रेम निवासी शाहदरा दिल्ली के खिलाफ कोतवाली में एनसीआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस बोली, डीजे बजाने की मांग पर हुआ झगड़ा
बागपत। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि तीन युवकों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई गई है। डीजे पर नाचने को लेकर झगड़ा नहीं हुआ । बाराती डीजे बजाने की मांग कर रहे थे। डीजे की मांग को लेकर विवाद हुआ।
तनाव के बीच हुए फेरे, विदा हुई दुल्हन
बागपत। दोनों पक्षों के बीच झगड़े के बाद माहौल तनावपूर्ण बन गया। इसके बाद दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों ने सहमति कराकर शादी की रस्म पूरी कराई। देर रात ही दुल्हन को विदा कर दिया।