दोघट (बागपत)। दाहा गांव में मकान विवाद के चलते दंपति को परिजनों ने धारदार हथियारों से मारपीट कर घायल कर दिया। उन्होंने पुलिस चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती तक नहीं कराया और चौकी से ही टरका दिया। दंपति ने जान को खतरा बताया है।
दाहा गांव निवासी राजीव पुत्र चरण ने बताया कि मकान के बंटवारे को लेकर भाइयों से उसका विवाद चल रहा है। मंगलवार को वह अपने पत्नी अंजू के साथ घर पर बैठा हुआ था इसी दौरान उसके भाई, भाभी, पिता वहां आए और उन पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। झगड़े में पति-पत्नी गंभीर घायल हो गए। हमलावर मारने की धमकी देकर चले गए। घायल दंपति दाहा पुलिस चौकी पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती तक नहीं कराया। चौकी से ही वापस घर भेज दिया। दंपति ने परिजनों से जान को खतरा बताया है। एसओ चितवन कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है।
बुढ़ाना पुलिस दो युवकों को उठा ले गई
दोघट (बागपत)। बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात में दोघट कस्बे में चोरी के मामले में स्थानीय पुलिस के साथ दबिश दी। पुलिस का नेतृत्व बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी भगवानदास कर रहे थे। पुलिस कस्बे से दो युवकों को उठाकर अपने साथ ले गई है। एसओ चितवन कुमार ने बताया कि बुढ़ाना पुलिस ने चोरी के मामले में दबिश दी है। किन युवकों को उठाकर ले गई है, इसकी जानकारी नहीं है।