बिनौली (बागपत)।
थाना क्षेत्र के चंदायन गांव के पास बरनावा बैंक से रुपये निकालकर ले जा रहे मुलसम के भट्ठा व्यवसायी से बाइक सवार बदमाशों ने हजारों की नगदी और मोबाइल लूट लिया। सूचना पर पर पहुंची थाना पुलिस ने वारदात को संदिग्ध मानकर जांच करने में जुट गई है।
मुलसम गांव निवासी जितेंद्र पुत्र मामचंद का मुलसम के जंगल में भट्ठा है। सोमवार को दोपहर वह बरनावा स्थित ओबीसी बैंक शाखा से 91 हजार की नगदी निकालकर अपनी बाइक से भट्ठे पर जाने के लिए चला। वह जैसे ही दाहा मार्ग से चंदायन गांव की ओर मुड़ा तो कुछ दूर चलने पर बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने बाइक रुकवा ली तथा एक बदमाश ने तमंचा कनपटी पर सटा दिया और 91 हजार की नकदी और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद बदमाश बरनावा की ओर भाग गए। पीड़ित ने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। सूचना पर बरनावा चौकी और 100 यूपी पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से वारदात की जानकारी ली। पीड़ित भट्ठा व्यवसायी ने थाने में तहरीर दी। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी अनुराग शर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। फिर भी घटना की जांच कर कार्यवाही की जायेगी।