बागपत। नौ लाख रुपये का लोन कराने का झांसा देकर कुरुक्षेत्र पुलिस के फालोअर से बागपत के कुछ लोगों ने 75 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर संस्था के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
हरियाणा की कुरुक्षेत्र पुलिस लाइन में रहने वाले सुधीर कुमार फालोअर है। उसने बताया कि उसके पास अज्ञात नंबर से कई माह पूर्व फोन आता था। फोनकर्ता ने खुद को श्रीवर्धन बिजनेस सॉल्यूशन बागपत का मालिक बताया । उसने उसको नौ लाख रुपये का लोन कराने का वायदा किया । इसके लिए आरोपी ने उससे 75 हजार रुपये की मांग की और अलग-अलग बैंक खातों में यह रकम डलवा ली । आरोपी द्वारा न तो लोन कराया और न ही रुपये लौटाए गए। बाद में फोन बंद कर लिया। आरोपी से अब संपर्क भी नहीं हो रहा है। यह संस्था भी बंद है। वह इससे परेशान है। उसने बुधवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर शिकायत की। एसपी जय प्रकाश के निर्देश पर कोतवाली में आरोपी संस्था के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।