बड़ौत (बागपत)। विकसित की जा रही कालोनियों में छोटे प्लाट स्वामियों के लिए प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृत न कराने का झांसा देकर कालोनाइजर प्लाट बेच रहे हैं। कालोनाइजरों के झांसे मेें आकर लोग प्लाट का बैनामा करा रहे हैं।
नगर के आसपास करीब 50 से 60 कालोनियां विकसित की जा रही है। कई बड़ी कालोनियों में अभी भी धड़ल्ले से प्लाटिंग का कार्य चल रहा है। जानकारों के मुताबिक अधूरी विकसित इन कालोनियों में प्लाट बिक्री का कार्य शुरू है। कालोनाइजरों ने प्लाट बेचने का एक नया फंडा निकाला है। कुछ कालोनाइजरों एक सौ गज से कम के प्लाट का बागपत विकास प्राधिकरण से नक्शा पास करने की बाध्यता न होने का झांसा दे रहे हैं। प्राधिकरण के एक्ट से अनजान लोग झांसे में आकर प्लाट खरीद रहे हैं, जिससे कालोनाइजर छोटे प्लाट पर अधिक मुनाफा कमा रहे हैं। उधर, विकास प्राधिकरण के अफसरों का कहना है कि नक्शा पास होना बहुत जरूरी है। क्रेता किसी कालोनाइजर के झांसे में न आएं।