कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पति की मौत से आहत पत्नी ने फिनाइल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को पति का निधन हुआ। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गंभीर हालत में महिला को हायर सेंटर के लिए रेफर किया। एंबुलेेंस चालक के मरीज को न ले जाने पर परिजनों ने हंगामा किया। एंबुलेंस चालक और परिजनों में नोंक झोंक हुई। बाद में दूसरी एंबुलेंस मंगाकर महिला को भेजा।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि शुक्रवार को उसके छोटे भाई के पेट में दर्द हुआ। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। पूरा परिवार बेटे के गम में डूबा हुआ था कि शनिवार को करवाचौथ वाले दिन पति की मौत से आहत होकर उसकी 32 वर्षीय पत्नी ने बाथरूम में रखा फिनाइल पी लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर किया। जिला अस्पताल के गेट पर खड़ी एंबुलेंस में परिजनों ने महिला को लेटा दिया। एंबुलेंस चालक ने यह कहते हुए महिला को ले जाने से इंकार कर दिया कि कॉल दूसरी एंबुलेंस के पास आई है, वही महिला को लेकर जाएगी। इस पर परिजन बिफर गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। एंबुलेंस चालक को खरी खोटी सुनाई। परिजनों और एंबुलेंस चालक में नोंक झोंक हुई। बाद में दूसरी एंबुलेंस मंगवा कर महिला को भेजा। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।
भाई ने बताया कि मृतक उसके छोटे भाई के तीन साल का बेटा भी है। इस संबंध में इमरजेंसी में तैनात डॉ. दीपक कंसल ने बताया कि महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया हुआ था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया। महिला की हालत में सुधार है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है और न ही अस्पताल से पुलिस के पास कोई मीमो आया है।