खेकड़ा। बसी गांव में प्रतिबंधित भैंसा-बुग्गी दौड़ कराने के दौरान बुग्गी आपस में टकराकर पलटने के बाद पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। वहीं अन्य की पुलिस पहचान कर रही है, जिससे उनके नाम भी जांच में शामिल किए जा सकें।
सोमवार की रात बसी गांव मार्ग पर कुछ युवक प्रतिबंधित भैंसा-बुग्गी दौड़ करा रहे थे। इस दौरान बुग्गी आपस में टकराकर पलट गई। इससे दोनों भैंसा-बुग्गी में सवार तीन युवक घायल हो गए। परिजनों ने घायलों का निजी चिकित्सक के अस्पताल में उपचार कराया। इस बारे में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। भैंसा-बुग्गी दौड़ की वीडियो भी वायरल हो गई। पुलिस ने दौड़ कराने वाले तीन युवकों की विशेष, अनिकेत, यजवेंद्र के रूप में पहचान करके इनको नामजद व पांच अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर आशीष पुंडीर का कहना है कि तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तो अन्य की पहचान कराई जा रही है।