खेकड़ा। विद्युत ट्रांसफार्मर और लाइन से तार चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों खेकड़ा के मोहल्ला अहिरान निवासी शाहिद और गौना निवासी इमरान के साथ शुक्रवार रात को बड़ागांव मार्ग पर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों चोरों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उनको गिरफ्तार कर लिया गया।
कस्बे में बड़ागांव मार्ग, बसी मार्ग और सुन्हेड़ा मार्ग से अगस्त व सितंबर के महीने में इस गिरोह ने विद्युत लाइन के तार और ट्रांसफार्मर चोरी किए थे। पुलिस ने तभी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर काफी सामान बरामद किया था। इस गिरोह के दो सदस्यों शाहिद और इमरान के साथ शुक्रवार की रात पुलिस की बड़ागांव मार्ग पर मुठभेड़ हो गई। इन दोनों के पैर में गोली लगी तो पुलिस ने इनको पकड़ लिया। इनके पास से दो तमंचे, बिना नंबर प्लेट की एक बाइक, एक इनवर्टर, एक झटका मशीन और एक सेटल मशीन बरामद की। इनमें शाहिद खेकड़ा कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ खेकड़ा, चांदीनगर और मुरादनगर में तार चोरी की पांच प्राथमिकी दर्ज है। वहीं इमरान के खिलाफ खेकड़ा और चांदीनगर में तीन प्राथमिकी दर्ज है। इनका उपचार कराने के बाद कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया।