खेकड़ा। नोएडा के सेक्टर-155 में शनिवार को बेटी तनु को स्टेनो पद की परीक्षा दिलाने गए बेडशीट सप्लायर पंकज पांचाल (40) निवासी मोहल्ला प्रेमपुरी को कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर गए परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर कार चालक का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की।
कस्बे में जैन कॉलेज मार्ग पर मोहल्ला प्रेमपुरी के रहने वाले महेश पांचाल ने बताया कि उनका भतीजा पंकज पांचाल शनिवार को अपनी बेटी तनु को नोएडा के सेक्टर 155 में स्टेनो पद के लिए परीक्षा दिलवाने गए थे। बेटी को परीक्षा केंद्र में छोड़ने के बाद अपनी स्कूटी को यू टर्न लेकर मार्ग किनारे खड़ी कर रहे थे। तभी पीछे से आई कार ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पंकज मार्ग पर गिरकर सिर में चोट लगने से घायल हो गए। वहां आए राहगीर अस्पताल ले जाने लगे, तभी उनकी मौत हो गई, जबकि टक्कर मारने वाला चालक अपनी कार लेकर भाग गया। सूचना मिलने पर आए पुलिसकर्मियों ने परिजनों को फोन कर हादसे के बारे में बताया।
महेश पांचाल ने नोएडा के थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पंकज के परिवार में बेटी तनु, इशिता, बेटा तरुण और आरव हैं। इस मामले में सीओ रोहन चौरसिया का कहना है कि घटना नोएडा की है, वहीं से कार्रवाई की जा रही है।