खेकड़ा। मुबारिकपुर गांव के जंगल में शुक्रवार रात पुलिस मुठभेड़ में ट्रांसफार्मर से उपकरण और तार चोरी करने वाला चोर रिजवान पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी भाग गए। पुलिस ने उसके पास से बिना नंबर प्लेट की बाइक, तमंचा और तार कटर बरामद किया, जिसका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
मुबारिकपुर गांव के जंगल में शुक्रवार रात गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को एक नलकूप में तोड़फोड़ होने की आवाज सुनाई दी। पुलिसकर्मियों ने नलकूप की घेराबंदी की तो एक चोर ने शोर मचाकर अपने साथियों को पुलिस की छापामारी के बारे में बता दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। वहां हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से रिजवान घायल हो गया, जबकि उसके साथी वहां से भाग गए। इस मामले में सीओ रोहन चौरसिया का कहना है कि रिजवान ने पूछताछ में अपने साथी प्यारे, शहजाद, फिरोज निवासी फरूखनगर जिला गाजियाबाद के भागने के बारे में बताया। उन्होंने एक माह पहले चमरावल गांव के जंगल से तार, हापुड़ जिले के दपहा गांव में ट्रांसफार्मर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी रिजवान को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।