बागपत। दोघट थाने के हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, जितेंद्र और रिक्रूट कांस्टेबल संतोष के रिश्वत मांगने की पुष्टि जांच में हो गई है। इन तीनों को एसपी पूर्णेंदु सिंह ने पहले ही लाइन हाजिर कर दिया था और अब पुष्टि होने पर इनपर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर के कल्याणपुर गांव के रहने वाले सलामुद्दीन ने बृहस्पतिवार को एसपी से शिकायत करते हुए बताया था कि दोघट के फौलादनगर गांव में उनके दामाद अमजद के भाई सादिक का झगड़ा हो गया था। इसमें पुलिस ने सादिक का शांतिभंग में चालान कर दिया था। आरोप था कि इसके बाद हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, जितेंद्र और रिक्रूट कांस्टेबल संतोष ने उनके दामाद अमजद को जेल भेजने की धमकी दी और उससे दस हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
इसकी शिकायत मिलने पर एसपी ने तीनों सिपाहियों को लाइन हाजिर करके जांच क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर को सौंपी थी। एसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जांच रिपोर्ट मिल गई। उसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई है। इसमें तीनों सिपाहियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई।