बागपत। शहर के मोहल्ला देशराज में रहने वाले भाजपा के पूर्व नगर मंत्री सहदेव के बेटे नीरज (30) ने रविवार को पत्नी से मोबाइल पर बात करते हुए घर में पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई है और उसने मोबाइल पर बात करते हुए आने से मना कर दिया। पत्नी की शिकायत पर दो दिन पहले पुलिस ने नीरज का शांतिभंग की धारा में चालान भी किया था।
पुराने कस्बे के मोहल्ला देशराज के रहने वाले सहदेव ने बताया कि उनका बेटा नीरज नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता था। उसकी शादी सात दिसंबर 2023 में गौरीपुर की युवती से हुई थी, जिनकी दो वर्षीय बेटी शानवी है। नीरज की पत्नी आठ माह की गर्भवती है। सहदेव ने बताया कि नीरज की पत्नी अपने मायके में रहना चाहती थी, जबकि बेटा नीरज मना करता था। इसको लेकर उन दोनों के बीच विवाद होता था। तीन अगस्त में नीरज का अपनी पत्नी से विवाद हुआ तो उसके मायके के लोगों ने यहां आकर झगड़ा किया था।
सहदेव ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को फोन करके नीरज को उसकी पत्नी ने पकड़वा दिया था। पुलिस ने नीरज का शांतिभंग में चालान किया था, जिसे एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल गई थी। उसके बाद दोबारा से उसकी पत्नी मायके चली गई थी। नीरज ने रविवार को मोबाइल पर बात करते हुए पत्नी को काफी समझाया, लेकिन उसने घर वापस आने से मना कर दिया।
सहदेव के अनुसार तभी बेटे ने कमरे में पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर दी। उन्होंने मेडिकल स्टोर से दवाई लाने के लिए नीरज को आवाज लगाई तो वही नहीं बोला। कमरे में जाकर देखा तो बेटा फंदे पर लटका मिला, जिसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल लेकर गए। चिकित्सक डाॅ. शाहिद अली ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कर नीरज के शव को कब्जे में लिया। सहदेव का आरोप है कि पुत्रवधू व उसके पक्ष के लोगों के उत्पीड़न से तंग आकर बेटे ने आत्महत्या की है।
नीरज के परिवार में पिता, मां, एक भाई व दो बहनें हैं। सीओ सुकन्या शर्मा के अनुसार पत्नी से विवाद के कारण नीरज ने आत्महत्या की है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।