रटौल। गौना गांव के गाड़ी चालक शिव शंकर की हत्या के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने तीन दोस्तों विकास, ईश्वर और लीलू को गिरफ्तार कर लिया। इनको शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गौना गांव निवासी शिव शंकर गाजियाबाद जिले में निजी स्कूल की गाड़ी चलाता था। बुधवार दोपहर गांव के ही विकास, ईश्वर और लीलू ने शिव शंकर को फोन करके कोथली देने हरियाणा के रोहतक जिले के खरखड़ा गांव जाने के लिए बुलाया। वहां लीलू की लडक़ी की ससुराल है। भतीजा यश बाइक से शिव शंकर को बड़ागांव टोल पर छोड़कर आया। इसके बाद बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे विकास, ईश्वर और लीलू अपने साथ कार में शिव शंकर को लेकर घर पहुंचे और शराब के नशे में बताते हुए छोड़कर चले गए।
परिवार के सदस्य शिव शंकर को गाजियाबाद के चिरौड़ी में निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे तो चिकित्सक ने उसे मृत बताया।
पिता रामकुमार समेत अन्य परिवार वालों ने आरोप लगाया कि शिव शंकर की घर आने से पहले ही मौत हो चुकी थी। इस मामले में विकास, ईश्वर और लीलू के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि तीनों आरोपियों को गांव से गिरफ्तार किया गया है।