बागपत। क्षेत्र के एक गांव में खेत में भिंडी की फसल में कीटनाशक छिड़कने गए होमगार्ड के भाई और भाभी के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों ने कीटनाशक निगल लिए, इससे दोनों की हालत बिगड़ गई। दोनो का अग्रवाल मंडी टटीरी के निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।
क्षेत्र के एक गांव में होमगार्ड के भाई ने खेत में भिंडी की सब्जी उगा रखी है। बताया कि शुक्रवार शाम होमगार्ड के भाई और भाभी खेत मे भिंडी की फसल पर कीटनाशक का छिड़काव करने गए तो उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों ने भिंडी की फसल में छिड़कने वाला कीटनाशक निगल लिया और बेहोश होकर खेत में गिर गए। वहां आए अन्य किसानों ने दोनों को खेत में पड़ा देखा तो परिवार वालों को सूचना दी। इसके बाद दोनों का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। दोनों की हालत में सुधार होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। उधर, पुलिस ने जानकारी होने से इन्कार कर दिया।