बड़ौत। कस्बे की छपरौली चुंगी निवासी कारोबारी नूर मोहम्मद और उनके मुनीम का नोएडा से अपहरण कर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया, जबकि फरार चार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। इसमें दो सिपाहियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
नोएडा में कंपनी चलाने वाले नूर मोहम्मद और उनके मुनीम का मार्च माह में कार सवारों ने अपहरण कर लिया और दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। इसमें नूर मोहम्मद के भाई बिलाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने शिवम निवासी लिलोनखेड़ी, रजत निवासी गोगढ़ पिंडौरा जिला शामली, प्रद्युमन निवासी बिटावदा और विजय निवासी बरवाला जिला मुजफ्फरनगर को बड़ौत से गिरफ्तार करके पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर बावली मार्ग पर कार में हाथ-पैर बांधकर रखे गए कंपनी मालिक नूर मोहम्मद और सावेज को मुक्त कराया। गिरफ्तार आरोपी विजय यूपी पुलिस का सिपाही है, जो वर्तमान में रामपुर में तैनात है। इसके बाद सिपाही राहुल शर्मा को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि बिजेंद्र मलिक निवासी गौरसिटी नोएडा, अमन निवासी मलकपुर, अजय, अनुज की भी भूमिका सामने आई। सीओ विजय कुमार ने बताया कि इस प्रकरण में शिवम, रजत, प्रद्युमन समेत पांच आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया गया है। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।