बड़ौत। नगर के बिनौली रोड ओवरब्रिज पर शुक्रवार रात बाइक सवार युवकों ने सड़क पर केक काटकर जश्न मनाया और वहां काफी देर तक हुड़दंग किया। वहां जाम लग गया तो लोगों ने चिल्लाकर विरोध किया, लेकिन युवक नहीं माने और शोर मचाते रहे।
वहां रहने वाले अनिल, संजय, राकेश के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे युवक बाइक लेकर ओवरब्रिज पर पहुंचे और सड़क पर ही केक काटने लगे। इस दौरान बीयर की बोतलें खोलकर जश्न मनाया गया। युवकों के सड़क पर खड़े रहने से वाहन चालकों को परेशानी हुई और जाम लगा रहा। विरोध करने के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। आरोप है कि घटना की सूचना देने के बाद भी रेलवे रोड पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। युवकों के जाने के बाद केक के खाली डिब्बे सड़क पर बिखरे पड़े रहे। लोगों ने मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ अंशु जैन के अनुसार इस तरह की घटना की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी।