बड़ौत। छछरपुर गांव के डीडीए के सेवानिवृत्त कर्मी चंद्रपाल के अविवाहित चाचा इंद्र हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस ने दूसरे दिन मंगलवार को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वहीं तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
गूंगाखेड़ी-छछरपुर मार्ग स्थित नलकूप के पास सोमवार को खेत में खून से लथपथ किसान इंद्र का शव पड़ा मिला था। खेत के पड़ोसी विवेक ने उनके परिजनों को इसकी जानकारी दी। इंद्र करीब 35 साल से नलकूप पर रहकर अपनी 30 बीघा जमीन पर खेतीबाड़ी करते थे। उनकी देखभाल भतीजा चंद्रपाल करता था, जो डीडीए से सेवानिवृत्त माली है। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस की पांच टीमें लगी हुई हैं। दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वहीं तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी के अनुसार इस घटना में कम से कम दो लोग शामिल रहे हैं। इसमें कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है, जिससे जल्द घटना का खुलासा किया जा सके।