बड़ौत। नगर के बड़ौली रोड के रहने वाले रामवीर प्रजापति, राजकुमार और योगेंद्र समेत कई लोगों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर एक जमीन को कई जगह बेचकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। इस मामले में सीओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई।
रामवीर प्रजापति ने बताया कि नगर के दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित रोडवेज डिपो के पास करीब 10 साल पहले उन्होंने अपने साथ ही कई लोगों को एक प्रॉपर्टी डीलर से प्लॉट दिलाए थे। जिनके बैनामे भी सभी के पास हैं।
अब लोग अपने प्लॉटों पर कब्जा करने के लिए पहुंचे तो उन्हें जमीन मालिक ने कब्जा नहीं करने दिया। इसके बाद वह प्रॉपर्टी डीलर के पास पहुंचे तो उसने मदद करने से साफ इन्कार कर दिया। वहीं योगेंद्र का आरोप है कि रुपये वापस देने का तकादा करने पर प्रॉपर्टी डीलर ने जान से मारने की धमकी दी है। इस दौरान भाकियू अराजनीतिक के दीपक शर्मा, अजयपाल तोमर, धर्म तोमर और ओमपाल राठी आदि मौजूद रहे। सीओ अंशु जैन ने कहना है कि शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।