बिनौली। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर जिवाना गांव के सामने सोमवार की सुबह करीब चार बजे अज्ञात वाहन ने पुआल से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। इससे ट्रॉली में बैठे किसान फरियाद (40) निवासी हर्रा जिला मेरठ की सड़क पर गिरने से मौत हो गई और साथी बिलाल घायल हो गया। जिसका मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हर्रा गांव निवासी अनस ने बताया कि वह अपने साथी किसान फरियाद, अनस और बिलाल के साथ सोमवार की सुबह हरियाणा से पुआल लाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली जिवाना गांव के सामने पहुंची तो सामने से आ रहे वाहन के चालक ने ट्रॉली में टक्कर मार दी, इससे ट्रॉली में बैठे फरियाद और बिलाल सड़क पर गिरने से घायल हो गए। वहां आए पुलिसकर्मियों ने सीएचसी में उपचार कराया। जहां से दोनों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही फरियाद की मौत हो गई।
फरियाद अपने परिवार में चार भाइयों में चौथे नंबर के थे। उनके बड़े भाई नौशाद गांव में शिक्षक हैं, जबकि आजाद और शादाब किसान हैं। उनकी मौत से पत्नी रुकसाना, बेटी आशना, अलीशा व बेटा बशर रह गए हैं। सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।