बिनौली। बड़ौत में बेटी का पहला जन्मदिन मनाकर घर जा रहे जिम संचालक तुषार कौशिक (30) निवासी बिनौली की बाइक में हाइड्रा ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाइड्रा छोड़कर चालक भाग गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
बिनौली निवासी तुषार कौशिक नोएडा के सेक्टर-62 में जिम चलाते थे। उनकी पत्नी बड़ौत के निजी स्कूल में शिक्षिका है, जो बड़ौत में मायके में रहती है। शनिवार को बेटी के पहले जन्मदिन पर तुषार नोएडा से सीधे बड़ौत में अपनी ससुराल चले गए। वहां जन्मदिन मनाने के बाद बाइक से अपने घर बिनौली जा रहे थे। रास्ते में बड़ौत-मेरठ मार्ग पर जिवाना गुलियान गांव के सामने पहुंचे तो सामने से आ रहे हाइड्रा ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तुषार दूर जाकर गिरे और मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना बिनौली पुलिस को दी। तुषार के छोटे भाई मोहित कौशिक उत्तरांचल के हल्द्वानी में शूटिंग रेंज चलाते हैं। उनके परिवार में मां ममता कौशिक, पत्नी, बेटी और भाई रह गए हैं। सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि हाइड्रा कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।