रमाला (बागपत)। गोपालपुर खड़ाना गांव में दिवाली की रात राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ को गोली मारने के आरोपी दस-दस हजार रुपये के इनामी धीरज और मोनू के साथ बृहस्पतिवार रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बूढ़पुर गांव में रेलवे हॉल्ट पर जाने वाले मार्ग पर हुई मुठभेड़ में एक आरोपी धीरज घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहां से भाग रहा उसका भाई सोनू भी पकड़ा गया। दोनों को जेल भेज दिया गया।
दिवाली पर्व की रात गोपालपुर खड़ाना में घर के बाहर गली में पटाखे जला रहे राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ के साथ धीरज और उसके भाई मोनू उर्फ प्रवीण ने मारपीट की और सिर में गोली मारकर भाग गए। एसपी पूर्णेंदु सिंह ने दोनों पर दस-दस हजार रुपये के इनाम घोषित कर तीन टीमों को तलाश में लगाया। ऑपरेशन के बाद घायल सौरभ की हालत में सुधार है। एसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात दोनों इनामी आरोपियों के बूढ़पुर रेलवे हॉल्ट पर ट्रेन से कहीं जाने की सूचना मिली।
पुलिस गोपालपुर खड़ाना से बूढ़पुर रेलवे हॉल्ट जाने वाले रास्ते पर पहुंची तो दोनों गन्ने के खेत में घुस गए और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। वहां मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से धीरज घायल हो गया, जबकि उसका भाई सोनू बचकर भागने लगा। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि उनके पास से दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए।