अग्रवाल मंडी टटीरी। अहमदशाहपुर पदड़ा गांव के शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में हुए बवाल के तीसरे दिन भी पुलिस और पीएसी तैनात रही। वहीं पुलिस ने वांछित आरोपियों की तलाश में दबिश दी तो वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी कराई जा रही है। जिससे उनका नाम भी जांच में शामिल किया जा सके।
अहमदशाहपुर पदड़ा गांव में रामलीला में निबाली गांव के विकुल और पदड़ा के गय्यूर के बेटे अल्ताफ में झगड़ा हो गया था। इसके बाद बुधवार को विकुल शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में परीक्षा देने गए तो गय्यूर पक्ष के लोगों ने कॉलेज में घुसकर हमला कर दिया। घटना शांत कराने गए पुलिसकर्मियों पर दोनों पक्षों ने पथराव कर दिया। एसआई सीमा सिंह ने दोनों पक्षों के 21 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। एसपी ने अग्रवाल मंडी टटीरी चौकी पर तैनात सभी 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि आठ आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। अन्य नामजद 13 आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके अनुसार घरों से आरोपी फरार हैं और उनको तलाश किया जा रहा है। शनिवार को कॉलेज खुलेगा तो वहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी।