फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: कॉलेज में घुसकर छात्रों पर हमला, पुलिस पर पथराव

विज्ञापन
मारपीट के बाद बागपत जिला अस्पताल पहुंचे घायल हुए विद्यार्थी व ग्रामीण। संवाद
विज्ञापन
बागपत। अहमदशाहपुर पदड़ा गांव में तीन दिन पहले रामलीला में हुए झगड़े को लेकर बुधवार को शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में बवाल हुआ। वहां पर अहमदशाहपुर पदड़ा के युवकों ने निबाली के छात्रों को दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों से पीटा।
विज्ञापन

इस बीच वहां अन्य छात्र भी आ गए और उन्होंने हमलावरों को घेरकर पिटाई कर दी। वहां आए पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया तो पुलिस पर पथराव कर दिया गया। झगड़े में एक पक्ष के छात्र विकुल, मोहित और दूसरे पक्ष के हमलावर गय्यूर, वसीम समेत चार घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 21 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अहमदशाहपुर पदड़ा गांव में रामलीला चल रही थी। तीन दिन पहले निबाली गांव के 11वीं के छात्र विपुल का अहमदशाहपुर पदड़ा गांव के गय्यूर के बेटों के साथ विवाद हो गया। वहां पर दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई, लेकिन गांव के लोगों ने समझौता कराकर शांत करा दिया। विपुल की अहमदशाहपुर पदड़ा गांव के शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में 11वीं की परीक्षा चल रही है। उसके पिता महेश ने आरोप लगाया कि बुधवार की सुबह विपुल परीक्षा देने के लिए कॉलेज गया था। तभी वहां पर गय्यूर पक्ष के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और गेट खोलकर कॉलेज में घुसकर हमला कर दिया।
विज्ञापन

उसके बेटे विपुल को बचाने आए गांव के ही नौवीं के छात्र मोहित को भी लाठी-डंडों से पिटाई कर घायल कर दिया गया। आरोप है कि ये दोनों भागकर दूसरे कमरे में घुस गए, मगर दोनों को वहां से निकालकर पीटा गया। वे बचकर भागे तो पीछा करके उनकी पिटाई की गई।
वहीं गय्यूर पक्ष का आरोप है कि निबाली गांव के लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें गय्यूर, टेंपो चालक वसीम, छात्र अलीशान और मिसबाह घायल हो गए। वहां पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। तभी शिक्षकों ने एक हमलावर को पकड़कर कमरे में बंद कर पुलिस को बुला लिया। एसआई सीमा सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि इंटर कॉलेज में झगड़ा होते ही परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राएं डर गए थे। बचने के लिए शिक्षकों ने कक्षों के दरवाजे भी बंद कर लिए थे।
पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया तो पुलिस पर भी पथराव कर दिया गया। पुलिसकर्मियों ने दीवार के पीछे छिपकर जान बचाई। इसके बाद कॉलेज में आए एएसपी के सामने भी महिलाओं ने हंगामा किया, जिन्हें खदेड़कर हटाया गया। पुलिस ने घायल छात्रों का जिला अस्पताल में उपचार कराया, जहां से विपुल और मोहित की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इस मामले में एसआई सीमा सिंह ने दोनों पक्षों के 21 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई।

शिक्षकों के आश्वासन पर परीक्षा देने आया था विपुल
महेश ने बताया कि रामलीला में गय्यूर पक्ष के लोगों ने अंजाम भुगत लेने और कॉलेज में आने पर सबक सिखाने की धमकी दी थी। इससे भयभीत विपुल ने परीक्षा देने से भी मना कर दिया था। बुधवार को कॉलेज के शिक्षकों ने झगड़ा नहीं होने का आश्वासन देकर बुलाया था।

एक प्रतिनिधि पर कॉलेज का गेट खोलने का आरोप लगाया
निबाली गांव के महेश ने आरोप लगाया कि विपुल को पीटने के लिए गय्यूर पक्ष के लोगों की भीड़ कॉलेज के गेट पर पहुंच गई थी। वहां पर परीक्षा चलने के कारण गेट बंद किया गया था। आरोप लगाया कि गांव के एक प्रतिनिधि ने गेट खोलकर भीड़ को अंदर भेज दिया, जिन्होंने छात्रों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

दोनों गांवों में तनाव, पुलिस और पीएसी तैनात
अहमदशाहपुर पदड़ा गांव के शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में बुधवार की सुबह हुए बवाल के कारण दोनों गांवों के लोगों में तनातनी हो गई है। दोनों गांवों के लोगों में तनाव की स्थिति देखते हुए पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। साथ ही लोगों को शांतिभंग करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

21 नामजद और 50 अज्ञात, सात गिरफ्तार
एसआई सीमा सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गय्यूर पक्ष के तालिब, नदीम, आरिफ, भूरा उर्फ गय्यूर, अली, मिसबाह, अरमान, सावेज, महमूद, निसार, इरशाद, मोहसिन, मंजूर और 25 अज्ञात दूसरे पक्ष के विकुल, मोहित, कपिल, रवि, शिवम, राहुल, कुणाल उर्फ गुंजन, मूलड वाल्मीकि और 25 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

वर्जन-
कॉलेज में हुए झगड़े में पुलिस की तरफ से दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे मामले में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

-प्रवीण कुमार चौहान, एएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें