बागपत। औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी एसके कुंडू से 4.70 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया। इसमें न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को पुलिस ने शर्मा इलेक्ट्रॉनिक कंपनी के मालिक प्रेमचंद शर्मा निवासी भगीरथ पैलेस दिल्ली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
उद्यमी एसके कुंडू ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में उनकी मैसर्स फेलिसिटी मशीन्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। दिल्ली भगीरथ पैलेस निवासी शर्मा इलेक्ट्रॉनिक के मालिक प्रेमचंद शर्मा के साथ 18 साल से काम कर रहे हैं। आरोप लगाया कि प्रेमचंद शर्मा ने उनके साथ धोखाधड़ी कर 4.70 लाख रुपये हड़प लिए और खराब मोटर बदलने से मना कर दिया। उन्होंने मोटर बदलने के लिए दबाव बनाया तो उनके साथ गाली-गलौज कर अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार चाहल का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।