छपरौली। कस्बे में बस स्टैंड के पास 100 साल पुराने कश्यप समाज के सती माता मंदिर की दीवार तोड़ने और मंदिर का नाम मिटाने पर लोग भड़क गए। उन्होंने हंगामा किया और थाने में तहरीर देकर दीवार तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहां के रहने वाले बिरम सिंह ने बताया कि कश्यप समाज के सती माता मंदिर में मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप लगाया कि इस दौरान वहां रहने वाली महिला समेत तीन लोगों ने दीवार पर लिखा मंदिर का नाम मिटा दिया। इसके बाद दीवार तोड़ दी। उन्होंने विरोध किया तो गाली-गलौज कर गोली मारने की धमकी दी गई। आरोप लगाया कि मंदिर 100 साल से ज्यादा पुराना है, जहां माता रानी के मठ के साथ स्थानीय परिवारों के पितरों के पवित्र स्थान भी बने हुए हैं, जिससे लोगों आस्था जुड़ी है। मंदिर की दीवार तोड़ी जाने से लोगों में रोष है। इस मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।