रटौल। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सरफाबाद गांव के पास शनिवार को हिंडन नदी में गणेश विसर्जन करने जा रहे दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-9 निवासी श्रद्धालु अर्जुन सिंह की कार टायर फटने पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में अर्जुन सिंह समेत चार श्रद्धालु मामूली रूप से घायल हो गए।
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-9 निवासी अर्जुन सिंह ने बताया कि वह शनिवार को अपने भतीजे गगन, चचेरे भाई ओवी, दोस्त अभिषेक और रोशन पंडित के साथ सरफाबाद में हिंडन नदी में गणेश विसर्जन करने जा रहे थे। वे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर जैसे ही सरफाबाद के पास पहुंचे तो गलत दिशा में जा रही गाड़ी ने साइड मार दी, जिससे उनकी कार का टायर फट गया और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। गनीमत रही कि पीछे से कोई बड़ा वाहन नहीं आ रहा था। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचे, लेकिन घायल दूसरे वाहनों में लिफ्ट लेकर अपने घर चले गए। इस मामले में जांच अधिकारी एसआई कृष्णवीर सिंह ने बताया कि क्रेन से कार भी हटवा दी गई, जिसे लेकर चले गए।