बागपत। संतोषपुर गांव में शुक्रवार रात पशुओं का चारा काट रहे किसान सचिन (36) का हाथ कटे हुए तार पर लग गया। इससे करंट लगने से किसान गंभीर रूप से झुलस गए। परिवार वाले उनको लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन जब तक मौत हो चुकी थी। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
संतोषपुर गांव निवासी अंकित, रोहित, मोहित और राहुल आदि ने बताया कि उनके परिवार के सचिन खेती के साथ हरियाणा की कंपनी में गार्ड की नौकरी करते थे। शुक्रवार रात सचिन घर में मशीन पर चारा काट रहे थे। तभी मशीन में लगे तार के कटे हुए हिस्से पर सचिन का हाथ लग गया। इससे सचिन को करंट लग गया और वह झुलसकर जमीन पर गिर गए। आवाज सुनते ही परिवार वाले वहां पहुंचे और सचिन को उठाकर जिला अस्पताल ले गए।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सचिन अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे बड़े और अविवाहित थे। चिकित्सकों की सूचना पर आए पुलिसकर्मियों ने जांच की, लेकिन परिजनों ने कानूनी कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया और शव लेकर चले गए। इस मामले में जांच अधिकारी एसआई उत्कर्ष गुप्ता का कहना है कि करंट लगने से युवक की मौत हुई है। परिवार वालों ने पोस्टमार्टम और कानूनी कराने से इन्कार कर दिया।