अमीनगर सराय। क्षेत्र के एक गांव में तीन माह की बेटी की गैर इरादतन हत्या का आरोपी पिता घर से भाग गया। उसके परिवार वाले पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने भी नहीं पहुंचे। अब पुलिस उसकी तलाश में लगी है।
आरोपी की पत्नी ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह उसके पति ने देवर के साथ संबंध होने का शक जताते हुए कैंची से उसकी गर्दन पर वार कर दिया था। पति ने दोबारा कैंची मारने का प्रयास किया तो उसके हाथ से तीन माह की बेटी छूटकर नीचे फर्श पर गिर गई, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव दफना दिया गया, लेकिन थाने में तहरीर देने कोई नहीं पहुंचा। इसके चलते बृहस्पतिवार देर रात गांव के चौकीदार ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। इस मामले में जांच अधिकारी थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश कराई जा रही है, जो गांव में नहीं मिला। सूचना मिल रही है कि रिश्तेदारी में जाकर छिप गया है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसके परिवार वालों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं आए।