अमीनगर सराय। खेत में मजदूरी कर घर वापस जा रहे मजदूर जगवीर उर्फ जग्गन (40) निवासी कैडवा की अमीनगर सराय-बड़ौत मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर आए पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। उसके भाई कर्मवीर ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
कैडवा गांव निवासी कर्मवीर ने बताया कि उसका भाई जगवीर बुधवार शाम मवीकलां मोड़ के पास स्थित खेत में मजदूरी करने गया था। रात करीब नौ बजे वहां से पैदल ही घर वापस आ रहा था। अमीनगर सराय-बड़ौत मार्ग पर पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल होकर जगवीर सड़क पर गिर गया। राहगीरों की सूचना पर आए पुलिसकर्मी उसे उठाकर पिलाना सीएचसी ले गए लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। कर्मवीर ने सिंघावली अहीर थाने में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की। कर्मवीर अपने परिवार में सात भाइयों में चौथे नंबर के और अविवाहित थे। गांव में मां चंद्रकली के साथ अकेले ही रहते थे। इस मामले में जांच अधिकारी थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह का कहना है कि अज्ञात वाहन चालक का पता लगाया जा रहा है।