रटौल। खट्टा प्रह्लादपुर गांव के अनीस के मकान की छत शुक्रवार रात भरभराकर गिर गई। इसके मलबे के नीचे दबने से अनीस की पत्नी आसमा, बेटी नगमा घायल हो गई। घायल मां-बेटी का निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया।
खट्टा प्रह्लादपुर गांव निवासी अनीस ने बताया कि उसका मकान काफी पुराना है। वह शुक्रवार रात अपनी पत्नी आसमा, बेटी नगमा के साथ घर में सोया हुआ था। देर रात उसके मकान की छत भरभराकर गिर गई। इस हादसे में फ्रिज, अलमारी, वाशिंग मशीन और संदूक समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। उसने वहां से भागकर जान बचाई, जबकि बेटी और पत्नी मलबे में दबकर घायल हो गई। शोर सुनकर आए लोगों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। गांव के नूर मोहम्मद, इरशाद और अंकित आदि ने बताया कि अनीस की आर्थिक हालत ठीक नहीं है, उसे आर्थिक सहायता दिलाई जाए। इस मामले में एसडीएम दिग्विजय सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने पर टीम को भेजकर दिखवाया जाएगा।