रटौल। खासपुर गांव में शुक्रवार देर रात चोरों ने ताला तोड़कर पशुपालक किरणपाल के घेर से तीन भैंस समेत चार पशु चोरी कर लिए। इसमें शनिवार को पशुपालक ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
खासपुर गांव निवासी किरणपाल ने बताया कि घर से थोड़ी दूरी पर उसका घेर है, जिसमें भैंस पाल रखी है और दूध बेचकर परिवार का पालन पोषण करता है। शुक्रवार रात घेर का ताला लगाकर घर चला गया था। शनिवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे भैंसों का दूध निकालने घेर में पहुंचा तो घेर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो तीन भैंस और एक लावारिस पशु चोरी मिला। उसके शोर मचाने पर गांव के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और आसपास जंगल में जाकर तलाश भी कराई लेकिन भैंसों का कुछ पता नहीं चला। किरणपाल ने बताया कि एक भैंस एक सप्ताह पहले डेढ़ लाख रुपये में खरीदकर लाया था। पशुपालक की तीन भैंस समेत चार पशु चोरी की घटना पर लोगों ने रोष भी जताया। इस मामले में सीओ रोहन चौरसिया का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और कई जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।