बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर डीएम आवास के सामने बाइक की टक्कर से विपिन कश्यप निवासी सिसाना की चाट की ठेली पलट गई। इस हादसे में चाट विक्रेता, एक महिला समेत चार घायल हो गए। इसके अलावा गुफा मंदिर के पास बाइक फिसलने से तीन युवक घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
शहर के समाजसेवी लोकेंद्र हेवा ने बताया कि सिसाना गांव का विजय कश्यप कचहरी परिसर में फलों की चाट की ठेली लगाता है। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपनी चाट की ठेली लेकर जा रहा था। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जैसे ही डीएम आवास के सामने पहुंचा तो पीछे से आई बाइक ने ठेली और विजय को टक्कर मार दी। इससे विजय की ठेली पलटने से चाट का सामान बिखर गया। बाइक सवार बिलाल निवासी रटौल ने बताया कि वह अपनी पत्नी तोफा और बेटे समीर के साथ दवाई लेने जिला अस्पताल जा रहा था। राहगीरों ने घायलों को ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया। इसके अलावा दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बाइक फिसलने से नमन चौधरी, अमन चौहान, अमन चौधरी निवासी शामली घायल हो गए, जो उपचार कराने के बाद घर चले गए। इस मामले में सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि घायलों का उपचार चल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।