बालैनी। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर बालैनी थाने के पास शुक्रवार देर रात कार ने साइकिल सवार मजदूर सतपाल उर्फ सत्तू (55) को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया। इस हादसे में मजदूर की मौत हो गई। वहां आए पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
अमीपुर बालैनी गांव निवासी राकेश ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले सतपाल मजदूरी करते थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे सतपाल साइकिल लेकर कुछ सामान लेने बालैनी बस स्टैंड पर जा रहे थे। जैसे ही वह बस स्टैंड के पास पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने साइकिल में टक्कर मार दी। इसके बाद सड़क पर गिरे मजदूर को कुचल दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर को उठाकर राहगीरों ने एंबुलेंस से पिलाना सीएचसी पहुंचाया, लेकिन जब तक मौत हो चुकी थी। मजदूर के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी है। इस मामले में सीओ रोहन चौरसिया का कहना है कि कार का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।